भोपाल में तलाशा जा रहा रैपिड रेल का भविष्य, इंदौर से देवास, पीथमपुर व उज्जैन के लिए दौड़ेगी यह गाड़ी

 Rapid Rail Operations इंदौर के बाद अब राजधानी में मेट्रो के अलावा रैपिड रेल के संचालन की संभावनाओं को तलाशा जा रहा है। भविष्य की परिवहन सुविधा को देखते हुए इंदौर से देवास, पीथमपुर व उज्जैन तक संचालन का निर्णय लिया है। जल्द ही इसके लिए विभाग द्वारा काम शुरू किया जाएगा। यह बात नगरीय विकास एवं आवास मंत्री जयवर्धन सिंह ने गुरुवार को पत्रकार वार्ता के दौरान कही।


मुख्यमंत्री कमलनाथ के जन्मदिन पर सभी मंत्रियों को अपने विभाग की उपलब्धियों को बताने का निर्देश दिया गया है। इस संबंध में नगरीय विकास एवं आवास विभाग की योजनाओं को मंत्री जयवर्धन सिंह ने साझा किया। उन्होंने बताया कि शहरी विकास के लिए जरूरी मेट्रो पर सरकार द्वारा तेजी से काम किया जा रहा है। साथ ही इंदौर के अलावा पहले चरण में भोपाल में भी रैपिड रेल संचालन को लेकर विचार किया जा रहा है।


मेट्रो और रेपिड रेल में अंतर


मास ट्रांस्पोर्ट सिस्टम में बीआरटीएस, मेट्रो व रेपिड रेल महत्वपूर्ण अंग माने जाते हैं। इसमें मेट्रो व रेपिड रेल में ज्यादा अंतर नहीं होता। मेट्रो रेल संचालन शहर के अंदर उपयुक्त माना जाता है। इसमें स्टेशनों के बीच बहुत ज्यादा दूरी नहीं होती। इसके उलट रेपिड रेल का संचालन उन स्थानों के लिए बेहतर माना जाता है जिनमें दूरी अधिक होती है।